श्रीकोट निवासी एक पूर्व सैनिक के बैंक खाते से उनकी जानकारी के बिना बेटी हजारों रुपये निकालती रही, लेकिन पिता को इसकी खबर नहीं लगी। जब पिता बैंक प्रबंधक व पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचे तो छानबीन में पता चला कि उनकी बेटी ने ही उनके बैंक खाते से पैसे निकाले है, जिसके बाद पुलिस ने बेटी को कोतवाली में बुलाया और भविष्य में ऐसा नहीं करने की हिदायत दी है।
श्रीकोट निवासी दिलबर रावत का एसबीआई की श्रीनगर शाखा में पेंशन बैंक खाता है। उनके बैंक खाते से वर्ष 2018 और 2019 में किश्तों में रकम आहरित की गयी। रावत ने बताया कि ना तो उनके पास मोबाइल फोन है और ना ही एटीएम कार्ड है। इसके बावजूद उनके पेंशन खाते से लगातार रुपये ट्रांसफर हो रहे हैं या ऑनलाइन फोन एप में जा रहे हैं। वर्ष 2018 में उनके खाते से दो बार 60 हजार की रकम आटोमोबाइल्स के खाते में भी ट्रांसफर हुयी है। शिकायत मिलने पर एसएसआई विनय कुमार ने एसबीआई के शाखा प्रबंधक संजय सिंह से इस संबंध में वार्ता की। संजय सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद रावत का एटीएम कार्ड बंद कर दिया गया था। जांच-पड़ताल में यह सामने आया कि खाताधारक की विवाहित बेटी पैसे ट्रांजेक्शन कर रही है। जिस पर पुलिस ने उसे कोतवाली बुलाकर भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत दी।