कीर्तिनगर से स्वीत तक लगाए गए हैं 27 सीसीटीवी कैमरे
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नगर निगम क्षेत्र श्रीनगर कीर्तिनगर से स्वीत तक 27 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। निगम प्रशासन से सभी सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं जिनका संचालन भी होने लगा है। निगम कार्यालय व कोतवाली श्रीनगर को कंट्रोल रूम बनाया गया है। इन कैमरों के लगने से निगम प्रशासन को जहां गंदगी फैलाने वालों पर नकेल कसने में मदद मिलेगी वहीं पुलिस को आपराधिक घटनाओं के नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की निगरानी, अलकनंदा किनारे मिशन मर्यादा को सफल बनाने में विशेष सहयोग भी मिलेगा।
डीएम डाॅ. आशीष चौहान के निर्देश पर निगम प्रशासन ने यह कैमरे लगाए हैं। एसडीएम व नगर आयुक्त श्रीनगर अजयवीर सिंह ने बताया कि कीर्तिनगर से स्वीत तक बदरीनाथ हाईवे पर कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इसके अलावा गोला बाजार, गणेश बाजार, शारदा घाट, अल्केश्वर घाट पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। शहर की सड़कों पर व नालियों में जो भी लोग कूड़ा फेंक गंदगी फैलाते हैं, सीसीटीवी से उनकी पहचान कर चालान किया जाएगा। इसको लेकर स्वास्थ्य निरीक्षक को प्रतिदिन निगरानी के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी तरह की गलत गतिविधि नजर आने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। कोतवाल श्रीनगर रवि सैनी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के लगने से आपराधिक घटनाओं को नियंत्रित करने, यातायात को सुचारु बनाए रखने समेत कई तरह से मदद मिलेगी।