श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के दिसंबर माह में प्रस्तावित 13वें दीक्षांत समारोह के आयोजन की तैयारियों के तहत विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने भारत के उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। कुलपति ने उपराष्ट्रपति को दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया।
कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने बताया कि उपराष्ट्रपति ने आमंत्रण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उत्तराखंड आने की इच्छा भी व्यक्त की। उन्होंने उपराष्ट्रपति को गढ़वाल विवि की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान कार्यों, अकादमिक उपलब्धियों, नवाचार, कौशल विकास तथा विश्वविद्यालय की ओर से संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी भी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय की भौगोलिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि, उत्तराखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में इसकी भूमिका तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।