पौड़ी। जनगणना को सफल बनाने के लिए द्वितीय चरण में होने वाले कार्यों के लिए प्रेक्षागृह सभागार में शनिवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में चार्ज अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, जनगणना लिपिक व तकनीकी सहायकों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया और विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही सीएमएमएस पोर्टल के संबंध में भी कार्मिकों को विस्तृत जानकारी भी दी गई।
अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसे सफल बनाने में प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी कार्मिक प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को अच्छी तरह समझें और जनगणना कार्य के दौरान निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार और व्यक्ति की गणना की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे। इस अवसर पर जनगणना कार्यालय के संयुक्त निदेशक शैलेंद्र नेगी, जनगणना मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक, शिव कुमार, वीरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद