साढ़े तीन साल के बाद मिला विवि को स्थायी परीक्षा नियंत्रक
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में मंगलवार को नव नियुक्त परीक्षा नियंत्रक डा. गौतम वीर ने कार्यभार ग्रहण कर दिया है। गत 18 अप्रैल को देहरादून में आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद उनका चयन हुआ था। स्थायी परीक्षा नियंत्रक मिलने से विवि की व्यवस्थाओं में आमूलचूल परिवर्तन आने की उम्मीदें हैं। पदभागर ग्रहण करने के बाद परीक्षा नियंत्रक ने विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह से मुलाकात की, इस दौरान कुलपति ने उन्हें परीक्षा सबंधी कार्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. गौतम वीर वर्तमान में बीएसएम(पीजी) कॉलेज, रुड़की (हरिद्वार) में प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे। इसके साथ ही वह उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में क्षेत्रीय निदेशक की जिम्मेदारी भी थी। मंगलवार को कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने उन्हें पदभार ग्रहण करवाया। इस दौरान वर्तमान में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी देख रहे प्रो. जेएस चौहान व ओएसडी परीक्षा प्रो. आरएस फत्र्याल ने डा. गौतम को विवि के परीक्षा अनुभाग एवं अन्य परीक्षा सबंधित कार्यों के बारे में अवगत कराया। इस दौरान परीक्षा नियंत्रक डा. गौतम ने कहा कि विवि के परीक्षा सबंधी कार्यों का बेहतर क्षमता के साथ निवर्हन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीम में जुड़े सभी शिक्षक, कर्मचारियों का सहयोग लिया जाएगा। समय पर परीक्षाएं आयोजित करवाना और परिणाम घोषित करना उनकी प्राथमिकता में रहेगा। मौके पर सीनियर प्रो. एचबीएस चौहान, प्रो. आरसी कुंवर, प्रो. आरएस नेगी, प्रो. डीएस बिष्ट मौजूद रहे।