झाड़ियों में मिला पुजारी का क्षत-विक्षत शव
ग्रामीणों ने जताई जंगली जानवर के हमले की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। कल्जीखाल ब्लाक में थापला ग्राम पंचायत के कांसदेव महादेव मंदिर के पुजारी का क्षत-विक्षत शव मंदिर के समीप झाड़ियों में मिला। ग्रामीणों ने जंगली जानवर के हमले में पुजारी की मौत की आशंका जताई। सूचना पर वन और राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
कल्जीखाल ब्लाक के ग्राम पंचायत थापला स्थित कांसदेव महादेव मंदिर के पुजारी रामप्रसाद का शव क्षत-विक्षत मंदिर के ही समीप झाड़ियों में मिला। ग्रामीण जगमोहन डांगी ने बताया कि राम प्रसाद कई वर्षों से गांव के समीप स्थित कांसदेव महादेव मंदिर में पूजा अर्चना का दायित्व संभाल रहे थे। तीन दिनों से मंदिर से घंटी की आवाज नहीं आ रही थी, साथ ही मंदिर का लाउडस्पीकर भी नहीं बज रहा था। ग्रामीणों को शंका हुई तो पुजारी राम प्रसाद को देखने के लिए मंदिर पहुंचे। डांगी ने कहा कि मंदिर में पुजारी के न मिलने पर ग्रामीणों ने तलाश शुरू की और मंदिर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में पुजारी का शव मिला। शव देखकर लगा कि पुजारी पर किसी जंगली जानवर ने हमला किया है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना राजस्व व वन विभाग को दी। वन क्षेत्राधिकारी पौड़ी अनिल भट्ट ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वन व राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। संवाद