पौड़ी। खेल मैदान कोट में इन दिनों खेल प्रतियोगिताओं का रोमांच देखने को मिल रहा है। रविवार को यहां बालिका वर्ग की फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। जिसमें सितोन सितारा विजेता रही। साथ ही वॉलीबाल प्रतियोगिता भी शुरू हुई। जिसमें पुलिस लाइन पौड़ी ने मुकाबले जीते।रविवार को खेल मैदान कोट में फुटबाल प्रतियोगिता में बालिका वर्ग का उद्घाटन प्रशासक कोट गांव रीना रौथाण ने किया।
उन्होंने कहा कि बेटियों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए समिति का यह सराहनीय प्रयास है। उद्घाटन मुकाबला सितोन सितारा व खोला की टीमों के बीच हुआ। सितोन सितारा से कोमल, सारिका व योगिता ने 1-1 गोल दागकर टीम को 3-0 से जीत दिलाई। जबकि खोला की टीम कोई गोल नहीं कर पाई। इसके बाद सीनियर वर्ग में सिरोली व कटुलस्यूं कठूड़ के बीच फुटबाल मुकाबला हुआ।
सिरोली ने 3-0 से कठूड़ को पराजित किया। 40 प्लस वर्ग में एक्स आर्मी ग्रुप सिमली ने फिटनेस क्लब कोट को 3-2 से हराया। वॉलीबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व जिला पंचायत सदस्य तामेश्वर आर्य ने किया। कहा, कोट तेजी से फुटबाल का हब बनता जा रहा है। इसमें क्षेत्र की जनता की अहम भूमिका है। वॉलीबाल में पहला मुकाबला कोटसाड़ा व पुलिस लाईन पौड़ी के बीच हुआ। दूसरा मुकाबला पुलिस लाइन पौड़ी व पैठाणी के बीच खेला गया। पुलिस लाइन पौड़ी ने दोनों मुकाबले अपने नाम किए।