पाबौ ब्लॉक के अंतर्गत घुड़दौड़स्यूं पट्टी के पिनानी गांव से जवरोली व सिंवालधार-गडिगांव मार्ग बदहाल होने से यहां पर हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद रमेश पोखरियाल निशंक का पैतृक गांव होने के बावजूद यहां पर सड़क की हालत नहीं सुधारी जा रही है। हालांकि कुछ समय पहले पिनानी में सड़क पक्की कर दी गई है, लेकिन जवरोली व सिंवालधार-गडिगांव वाले मार्ग की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया। सड़कें खराब होने के चलते यहां तक बस सुविधा शुरू नहीं हो पाई है।
पिनानी गांव से जवरोली गडिगांव रोड के अंतिम छोर तक खस्ताहाल सड़क पर वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टूटी सड़क में गहरे गड्ढे होने के कारण आठ साल बाद भी पुलियाओं का निर्माण नहीं हो सका है। पुलिया संकरी होने के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीण कई बार अधिकारियों से तीन पुलिया निर्माण करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीण विनोद नेगी, गमाल सिंह, महिताब सिंह, प्रदीप सिंह, नरेंद्र सिंह, कांता प्रसाद, मधु नेगी, उमा देवी, सरोजनी देवी व सर्वेश्वरी देवी ने विभाग से मार्ग को ठीक करने की मांग की है। सदस्य क्षेत्र पंचायत मनोज सिंह गुसांई ने बताया कि जल्द ही वे इस मामले को उच्चाधिकारियों के ध्यान में लाएंगे। कहा कि सड़क बनाने में जिन काश्तकारों के खेत उजड़ गए थे, उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिल पाया। पीडब्ल्यूडी के पास कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
टूटी पुलिया व सड़क की रिपेयरिंग के लिए बजट मांगा जाएगा। बजट मिलने के बाद ही सड़क ठीक करने का काम किया जाएगा।
- अखिलेश लिंगवाल, जेई।