पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई को कर्मचारी जनांदोलन का स्वरूप देने की तैयारी में जुट गए हैं। पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा का कहना है कि पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई को जन आंदोलन के रूप में लड़ा जाएगा।
रविवार को पत्रकार वार्ता में संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के हक की लड़ाई है। जिसे जनांदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। कहा कि मौजूदा समय में कई कर्मचारी, शिक्षक ऐसे हैं, जिन्हें सेवानिवृत्ति के बाद मायूस होकर अपने घरों को लौटना पड़ा। प्रांतीय महासचिव पोखरियाल ने कहा कि जन प्रतिनिधियों को जनता चुनती है, उन्हें पेंशन दी जाती है इसका कोई विरोध मोर्चा नहीं कर रहा। लेकिन कर्मचारी जब तक सेवा में है वह भी जनसेवा ही करता है, ऐसे में पुरानी पेंशन बहाल न होने से उन शिक्षकों व कर्मचारियों को अपने परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो जाता है। पुरानी पेंशन बहाली के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जनता को साथ लेकर पुरानी पेंशन के लिए आंदोलन शुरू किया जाएगा।