पौड़ी। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ की शुक्रवार को ऑनलाइन बैठक हुई जिसमें गोल्डन कार्ड, मात्राकरण, पदों को पुनर्जीवित करने व 413 तदर्थ शिक्षकों के विनियमतीकरण की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
ऑनलाइन बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार गोल्डन कार्ड के लिए मासिक कटौती में वृद्धि करने जा रही है लेकिन गोल्डन कार्ड की लिस्ट में प्रदेश के बड़े अस्पतालों को सम्मिलित किया जाए और जो अस्पताल गोल्डन कार्डधारी कर्मचारी के तत्काल इलाज से मना करे उस अस्पताल पर कार्यवाही की जाय।
प्रांतीय महामंत्री डॉ. महावीर सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा अधिनियम -2006 के तहत प्रख्यापित विनियम -2009 के विनियम -21 में प्रावधानित है कि रिक्त पदों को तीन माह के तहत विज्ञापित न करने पर उसे पुनर्जीवित करने का उल्लेख किया गया है। जबकि विज्ञापन की अनुमति मुख्य शिक्षा अधिकारी से समय पर प्राप्त नही होती है ऐसी स्थिति में विनियम -21 को विलोपित करना उचित होगा।
इस दौरान बैठक में 413 पीटीए शिक्षकों के विनियमितिकरण और मानदेय बढ़ाने की मांग की गई। बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष अजय बिष्ट, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय रावत, संदीप मैंदौला, कृष्णबल्लभ ममगाईं, महावीर मेहता, विजय नौडियाल, कैलाश थपलियाल आदि शामिल रहे। संवाद