जीआईएंडटीआई मैदान के समीप रेलवे के निर्माणाधीन पुल की एप्रोच रोड के अलाइनमेंट में बदलाव किया जा रहा है। अब सड़क मैदान के बजाय नर्सरी रोड से मिलेगी। नए अलाइनमेंट से उद्यान विभाग की जमीन को कम नुकसान हो रहा है। बुधवार को नए अलाइनमेंट को देखते हुए उद्यान विभाग और रेलवे प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने जमीन की नापजोख की।
शहर में अलकनंदा नदी के ऊपर ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलमार्ग परियोजना के तहत रेल और मोटर पुल का निर्माण किया जा रहा है। श्रीनगर से रानीहाट रेलवे स्टेशन को सीधा जोड़ने के लिए मोटर पुल बनाया जा रहा है। पूर्व में आरवीएनएल (रेल विकास निगम) ने श्रीनगर की ओर पुल की एप्रोच रोड को जीआईएंडटीआई मैदान के एक कोने से होते हुए बदरीनाथ हाईवे में मिलाने का प्लान बनाया था। इस अलाइनमेंट में उद्यान विभाग की नर्सरी का काफी बड़ा हिस्सा सड़क के दायरे में आ रहा था। साथ ही लगभग 40 फलदार पेड़ भी कट रहे थे।
अब आरवीएनएल ने जीआईएंडटीआई मैदान के बजाय नर्सरी रोड से एप्रोच रोड जोड़ने की योजना बनाई है। इसी को देखते हुए उद्यान विभाग, आरवीएनएल और परियोजना कंपनी के अधिकारियों ने नए अलाइनमेंट की पैमाइश की। नए अलाइनमेंट के अनुसार पुल से नर्सरी रोड तक 100 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं, 5 फलदार पेड़ कट रहे हैं।
पूर्व में रेल लाइन के साथ ही बदरीनाथ हाईवे तक एप्रोच रोड का प्रस्ताव था लेकिन इसमें कुछ तकनीकी दिक्कत आ रही है। अब एप्रोच रोड को सीधे एसडीआरएफ भवन के सामने मिला दिया जाएगा।-पीपी बडोगा, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक, आरवीएनएल