देवप्रयाग। आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में नगर में छोड़े गए लावारिस पशुओं और सांडों की लड़ाई से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। आए दिन सांडों की लड़ाई से लोग चोटिल हो रहे हैं। जबकि स्थानीय व्यापारियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लोगों ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी राहुल सिंह से वार्ता कर नगर में घूम रहे लावारिस सांडों और गायों से निजात दिलाने की मांग की है। त्रिलोक रावत, चैतराम पालीवाल, विनोद टोडरिया, मनमोहन बिष्ट, मुकेश पंचपुरी आदि व्यापारियों का कहना है कि लावारिस पशुओं के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों व महिलाओं का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। कई लोग इन लावारिस पशुओं के कारण चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने आसपास के गांवों से लावारिस पशुओं को छोड़ने वाले और उन पर लगे टैगों से उनकी पहचान कर पशु स्वामियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही नगर में प्रवेश करने वाले रास्तों और सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा है।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी राहुल सिंह बताया कि नगरपालिका की ओर से बाजार में पशु गेड़ा बनाया जाएगा जिसमें सभी लावारिस पशुओं को रखने की व्यवस्था होगी।