पूल्ड हाउस कालोनी में बिजली चोरी की शिकायत पर निरीक्षण को पहुंची ऊर्जा निगम की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। टीम जल्द रिपोर्ट तैयार कर एडीएम को भेजेगी।
जिला मुख्यालय पौड़ी के पूल्ड हाउस में टाइप-1, टाइप-2 सहित कई सरकारी आवास हैं। इन आवासों में मुख्यालय में सेवारत अधिकारी-कर्मचारी रहते हैं। कुछ दिनों पहले पूल्ड हाउस के इन आवासों में बिजली चोरी का मामला उठा था। एडीएम पौड़ी डा. एसके बरनवाल ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को पत्र भेज जांच के निर्देश दिए थे। एडीएम ने पत्र में लिखा था कि पूल्ड हाउस में बिजली चोरी के मामले में विद्युत वितरण खंड के लाइनमैन व अवर अभियंता भी शामिल हैं। अधिशासी अभियंता अभिनव रावत ने बताया कि विभाग की एक टीम ने पूल्ड हाउस स्थित आवासीय कालोनी का निरीक्षण किया है। पूल्ड हाउस में बिजली चोरी का कोई मामला नहीं पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही एडीएम को भेजी जाएगी।