कीर्तिनगर में भारत भ्रमण दल के साथ विधायक विनोद कंडारी व अन्य
- फोटो : SHRINAGAR
देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी ने भारत दर्शन के लिए कीर्तिनगर और देवप्रयाग के विद्यालयों में 12वीं की बोर्ड परीक्षा में टॉपर रहे 60 छात्र-छात्राओं के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने आंबेडकर पार्क में आयोजित सभा में कहा कि अब हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को हवाई जहाज भारत दर्शन करवाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को दल को रवाना करते हुए विधायक कंडारी ने कहा कि उनके लिए यह बेहद खुशी का पल है। कहा वह अपने निजी खर्चे से देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को भारत भ्रमण के लिए भेज रहे हैं। इस भ्रमण से बच्चे देश के विभिन्न स्थानों पर जाकर कुछ बेहतर सीख पाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह बच्चों की मुलाकात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करवाएंगे। साथ ही इस कार्यक्रम को पूरे प्रदेश में लागू कराकर सरकारी सहायता दिलाने का अनुरोध करेंगे। विधायक ने बताया कि दल 15 दिसंबर सायं को ऋषिकेश गंगा आरती में शामिल होगा।
16 दिसंबर को मुख्यमंत्री, राज्यपाल से मुलाकात कर लखनऊ जाएगा। 17 व 18 दिसंबर को लखनऊ विधानसभा, आईआईटी कानपुर व औद्योगिक इकाइयों सहित अयोध्या राम मंदिर तथा विज्ञान धाम लखनऊ का भ्रमण करेगा। इस मौके पर एसडीएम सोनिया पंत, डीईओ विनोद ढौंडियाल, बीईओ कीर्तिनगर डॉ. वाईएस नेगी, बीईओ देवप्रयाग श्रीकांत पुरोहित, नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी जाखी, शिव सिंह नेगी, दिलवर रावत, नरेंद्र कुंवर, वासुदेव भट्ट, केदार सिंह व रणजीत जाखी आदि मौजूद थे।