संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री डॉ. महावीर सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सहायता प्राप्त जूनियर एवं प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विगत दो माह से वेतन न मिलने पर आक्रोश जताया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शासन के ढीले रवैये और वित्तीय प्रशासन की नकारात्मक कार्यशैली के कारण शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। दीपावली जैसे प्रमुख त्यौहार पर भी वेतन न मिलने से हजारों परिवार अपने घरों में प्रकाश पर्व नहीं मना पा रहे हैं। जो अत्यंत निराशाजनक है।
प्रांतीय महामंत्री डॉ. महावीर सिंह बिष्ट ने कहा कि शासन यदि शीघ्र समाधान नहीं करता है तो संगठन व्यापक स्तर पर आंदोलन की रणनीति अपनाने पर बाध्य होगा। उन्होंने मांग कि राज्य सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का लंबित वेतन तत्काल जारी किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
प्रांतीय अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा ने कहा कि शासन व सरकार राज्य सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को समय पर व लगातार वेतन के लिए स्थायी व्यवस्था बनाये ताकि शिक्षकों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इस दौरान जिलाध्यक्ष पौड़ी भारत विष्ट, जिलामंत्री संदीप रावत ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि शासन द्वारा इस प्रकार की उपेक्षा से शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है और यह स्थिति शिक्षा व्यवस्था के लिए भी घातक सिद्ध हो सकती है।
बैठक में प्रांतीय प्रवक्ता कैलाश थपलियाल, अनिल चमोली, केशर कोठियाल, यतेंद्र गौड़, संदीप मैंदोला, शशि भूषण अमोली, संजय रावत, कैलाश चंद्र, कृष्ण वल्लभ ममगाईं आदि शामिल रहे।