श्रीनगर। नगर निगम परिसर श्रीनगर में रविवार को श्रीनगर के सितारे टैलेंट हंट 2025 के फाइनलिस्ट प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी ने कहा कि श्रीनगर की धरती सदैव से प्रतिभाओं से समृद्ध रही है।
यह मंच न सिर्फ बच्चों को अपनी कला दिखाने का अवसर देगा, बल्कि श्रीनगर के हुनर को नई पहचान भी दिलाएगा। महापौर भंडारी ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक आठ नवंबर को सायं 7.30 बजे आवास विकास मैदान में अवश्य पहुंचे और इन उभरते सितारों का उत्साहवर्धन करें। इन बच्चों की मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ही श्रीनगर का भविष्य है। श्रीनगर के सितारे सिंगिंग एंड डांसिंग प्रतियोगिता के फाइनल राउंड तक पहुंचने वाले प्रतिभागियों में गायन में यश मिश्रा, अनुपम बर्थवाल, धैर्या बोठियाल, आंशिक पंवार, सौमिल बर्थवाल व शिप्रा शामिल हैं। जबकि नृत्य वर्ग में प्राची बिष्ट, अनुष्का सेमवाल, सचिन पटवाल, सोनाली डोभाल, तनुज और शान्वी का चयन किया गया है।
महापौर ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला 2025 के उपलक्ष्य में आयोजित यह आयोजन शहर में सांस्कृतिक उत्सव का नया आयाम जोड़ने जा रहा है। श्रीनगर के युवा और बच्चे आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं। ‘टैलेंट हंट’ जैसे मंच उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और प्रतिभा को निखारने का शानदार अवसर है।