पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जिला स्तरीय गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कोटद्वार, सतपुली, थलीसैंण एवं पौड़ी नगर निकायों को एसटीपी के लिए भूमि चयन एवं पर्यावरणीय स्वीकृति की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जैव चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पतालों का नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। कोटद्वार औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। सीडीओ को कहा कि पौड़ी विकासखंड को मॉडल ब्लॉक के रूप में चयनित करते हुए शत-प्रतिशत कूड़ा प्रबंधन की योजना तैयार करने के लिए ब्लूप्रिंट प्रस्तुत करते हुए 15 दिन में धरातल पर कार्य शुरू हो जाए। श्रीनगर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थिति को लेकर प्रभागीय वनाधिकारी पौड़ी को औचक निरीक्षण करने को कहा। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, एडीएम अनिल गर्ब्याल, डीडीओ मनविंदर कौर आदि मौजूद रहे।