पौड़ी। स्वजल कार्यालय पौड़ी में तैनात संविदा व उपनल कार्मिकों को बीते जुलाई महीने से मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया है। करीब सात माह से मानदेय नहीं मिलने के चलते इन कर्मचारियों को अब आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि बिना मानदेय के बच्चों की फीस तक जमा नहीं हो पाई है। वहीं अब घर की जरूरतों के सामान के भी लाले पड़ने लगे हैं। शीघ्र मानदेय भुगतान नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।जिला मुख्यालय पौड़ी के स्वजल कार्यालय में तैनात स्वजल कर्मचारी संघ ने परियोजना निदेशक को ज्ञापन भेजा है। जिसमें उन्होंने बताया कि लंबे समय से परियोजना के तहत विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। बताया कि बीते जुलाई माह से अभी तक भी उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। जिसके चलते उन्हें अब आर्थिकी तंगी सताने लगी है।
बताया कि करीब सात माह से मानदेय नहीं मिलने से बच्चों की फीस तक जमा नहीं हुई। यहां तक कि परिवार के भरण पोषण में भी दिक्कतें आने लगी हैं। बताया कि कई बार विभागीय अफसरों से मानदेय भुगतान को लेकर पत्राचार भी किया गया। लेकिन समाधान के नाम पर कुछ नहीं हो रहा। ऐसे में सभी कर्मचारियों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन भेजने वालों में विजय प्रकाश गैरोला, प्रमोद कुमार, प्रकाश चंद्र, सुलेखा पोखरियाल, अरविंद सिंह, महादेव सिंह और प्रवीन सिंह आदि शामिल थे।