गढ़वाल विवि के मुख्य नियंता प्रो.अरूण बहुगुणा से वार्ता करते छात्रसंघ के अध्यक्ष अंकित रावत व अन?
- फोटो : SHRINAGAR
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर के छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित रावत ने विवि की कुलपति से ऑन लाइन वार्ता की पेशकश ठुकरा दी है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ पिछले तीन माह से कुलपति से वार्ता करने का अनुरोध कर रहा है, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। प्रत्यक्ष वार्ता न होने पर सोमवार से छात्र संघ पदाधिकारी और छात्र संगठन जय हो धरने पर बैठेंगे।
छात्र संघ अध्यक्ष अंकित रावत और उपाध्यक्ष अनमोल भंडारी ने विवि में अंतिम सेमेस्टर परीक्षाओं के संबंध में कुलपति से वार्ता न होने पर सोमवार से आंदोलन का निर्णय लिया था। जिस पर विवि के नियंता मंडल ने उन्हें वार्ता के लिए आमंत्रित किया। बैठक में रावत ने कहा कि छात्र संघ पिछले तीन माह से कुलपति से वार्ता करने के लिए भटक रहे हैं, लेकिन कुलपति वार्ता करने को तैयार नहीं है। जबकि वह अन्य लोगों से मुलाकात कर रही हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं, वहीं विवि सितंबर से परीक्षा करवाने की जिद कर रहा है। कहा कि अंतिम सेमेस्टर के छात्रों को इंटरनल असेसमेंट के आधार पर उत्तीर्ण किया जाए। वहीं मुख्य नियंता प्रो.अरुण बहुगुणा ने कहा कि स्थिति सामान्य होने पर ही राज्य सरकार के निर्देशानुसार परीक्षाएं करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि छात्रों का ज्ञापन कुलपति तक पहुंचा दिया जाएगा। प्रो. बहुगुणा ने रावत को जूम एप से कुलपति से वार्ता करने की पेशकश की, जिसको रावत ने ठुकरा दिया। वार्ता में प्रो. बीपी नैथानी, प्रो. राजपाल सिंह, डा. मुकुल पंत व डा. आशुतोष गुप्त आदि शामिल थे।