थलीसैंण। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, परीक्षा प्रणाली और छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्राचार्य योगेंद्र चंद्र सिंह ने शिक्षा को जीवन में सफलता का आधार बताया। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचार का उल्लेख किया कि शिक्षा व्यक्ति को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाती है। विकास प्रताप ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न प्रावधानों पर प्रकाश डाला। सुधीर सिंह रावत ने एबीसी आईडी सहित परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली की जानकारी दी। अतुल सिंह ने छात्रवृत्ति योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया बताई। चंदन सिंह जीना ने पुस्तकालय के नियम और ई-संसाधनों से अवगत कराया। इस दौरान डॉ. विमल कुकरेती, डॉ. छाया सिंह, डॉ. जया कृष्ण, डॉ. हरिओम रावत, डॉ. प्रमिला, डॉ. गिरीश आर्य, डॉ. धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।