ऑनलाइन परीक्षा को लेकर छात्रों ने छेड़ी मुहिम
सोशल मीडिया पर चलाया आई स्टैंड विद स्टूडेंट यूनियन
ऑनलाइन परीक्षा फार्म की तिथि आगे बढ़ाने सहित तीन सूत्री मांग
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। गढ़वाल विवि ने सेमेस्टर परीक्षाओं के ऑनलाइन आवेदनपत्र भरने के लिए नोटिस जारी किया है। इसके विरोध में और ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की तिथि आगे बढ़ाने सहित तीन सूत्री मांग को लेकर छात्र नेताओं ने सोशल मीडिया पर आई स्टैंड विद स्टूडेंट यूनियन मुहिम चलाई है। इसके जरिए वह छात्र हित के मुद्दे पर छात्र-छात्राओं को एकजुट कर रहे हैं ताकि विवि प्रशासन पर दबाव बनाया जा सके।
बिड़ला परिसर के छात्र संघ अध्यक्ष अंकित रावत, उपाध्यक्ष अनमोल भंडारी और विवि प्रतिनिधि अंकित उछोली ने कहा कि पूरे देश में लॉकडाउन घोषित है। कई जगहों पर नेटवर्क की दिक्कत है, ऐसे में वह ऑनलाइन फार्म भरने से वंचित रह जाएंगे। इसलिए उनको लॉकडाउन खुलने की अंतिम तिथि से 20 दिन का अतिरिक्त समय दिया जाए। कहा कि यूजीसी की गाइड लाइन के अनुसार विवि के सभी छात्रों को 50 अंक पिछले सेमेस्टर के आधार पर व शेष 50 अंक वर्तमान सेमेस्टर के इंटरनल अंकों के आधार पर अगले सेमेस्टर में प्रमोट किया जाए। साथ ही जिन छात्रों की सेशनल परीक्षा छूट गई है उनकी दोबारा परीक्षा कराई जाएं। इन्हीं मुद्दों पर सोशल मीडिया में आई स्टैंड विद स्टूडेंट यूनियन मुहिम चलाकर छात्रों को जोड़ा जा रहा है।