प्रवेश में उत्तराखंड के छात्रों को 50 फीसदी आरक्षण देने की मांग
श्रीनगर। गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रवेश में उत्तराखंड के छात्रों को 50 फीसदी आरक्षण दिए जाने सहित तीन सूत्री मांगों के लिए विभिन्न छात्र संगठनों का धरना रविवार को भी जारी रहा।
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर के मुख्य गेट पर छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव मोहन सिंह नेगी की अध्यक्षता में छात्रों का धरना रविवार को छठवें दिन भी जारी रहा। विवि के प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर जय हो छात्र संगठन और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्र भी अलग-अलग जगहों पर धरने पर बैठे रहे।
छात्र संगठनाें ने प्रदेश के छात्रों को विवि में प्रवेश के लिए 50 फीसदी आरक्षण दिए जाने, गढ़वाल विवि में हुई नियुक्तियों की सीबीआई जांच करने व गढ़वाल विवि के परिसरों से यूजी करने वाले छात्रों को पीजी की कक्षाओं में प्रवेश के लिए पांच फीसदी वैटेज दिए जाने तथा रिक्त सीटों पर बिना सीयूईटी के प्रवेश दिए जाने की मांग की है। इस मौके पर छात्रसंघ उपाध्यक्ष रोविन असवाल, महासचिव सम्राट सिंह राणा, नीरज पंचौली, रोविन बिष्ट, सारांस बड़र्त्वाल, अभिषेक रावत, संदीप बुटोला, अभिनव व आशीष पंत आदि मौजूद थे।