श्रीनगर। देशभर में एसएससी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं के विरोध में सोमवार को गढ़वाल विश्वविद्यालय गेट पर आइसा छात्र संगठन ने प्रदर्शन किया। छात्रा प्रतिनिधि प्रियंका खत्री और पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष रॉबिन असवाल के नेतृत्व में कई छात्र-छात्राएं प्रदर्शन में शामिल हुए।
छात्रा प्रतिनिधि प्रियंका खत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और एसएससी मिलकर अभ्यर्थियों की मेहनत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। पहले तो झूठे वादों के जरिये युवाओं को वर्षों तक इंतजार करवाया जाता है और जब परीक्षा होती है तो पेपर लीक की खबरें सामने आती हैं। आखिर कब तक युवा अपने हक से वंचित रहेंगे। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष रॉबिन असवाल ने भी सरकार की भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए। वहीं छात्रसंघ कार्यकारिणी सदस्य शिवांक नौटियाल ने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य लगातार असुरक्षित होता जा रहा है, जो छात्र दिन-रात तैयारी कर रहे हैं, उनके सपनों के साथ सरकार में बैठे कुछ लोग खेल रहे हैं। इस मौके पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अंकित उछोली, समरवीर, दीपिका, शिवानी, प्रवेश बुटोला, अनमोल और अभिनव आदि मौजूद रहें।