आगरा विवि का एमकाम का छात्र लॉकडाउन के कारण वाहन न मिलने से विगत 45 दिनों से श्रीनगर में फंसा है। वहीं विभिन्न प्रदेशों के मजदूर अपने घर वापसी के लिए हर दिन बस अड्डे के चक्कर लगा रहे हैं।
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र का रहने वाला देवेंद्र दत्त दीक्षित आगरा विवि का एमकाम का छात्र हैं। उसके भाई के दोस्त की मां मीरा यादव श्रीनगर आंचल डेरी में नौकरी करती है जिसे गठिया की शिकायत है। वह उसकी दवा लेकर 20 मार्च को श्रीनगर पहुंचा लेकिन उसके बाद लॉकडाउन के कारण लौट नहीं पाया। छात्र ने बताया कि घर वापसी के लिए वह मुख्यमंत्री, पुलिस आईजी, राज्यसभा सांसद, जिलाधिकारी, एसडीएम, कोतवाली तक गुहार लगा चुका है लेकिन कहीं से मदद नहीं की जा रही है। वहीं दूसरी ओर लॉकडाउन के कारण श्रीनगर में फंसे विभिन्न प्रदेशों के मजदूर भी अपनी घर वापसी के लिए खासे परेशान है। घर वापसी के लिए पंजीकरण करवाने के बाद वह हर दिन बस अड्डे के कई चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन आज तक उनकी घर वापसी की व्यवस्था नहीं हो पाई है। संवाद