संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। जिला मुख्यालयवासियों के लिए खुशखबरी है। राज्य का पहला जेन-जी डाकघर पौड़ी स्थित जीबी पंत प्रौद्योगिकी एवं अभियांत्रिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी) घुड़दौड़ी में बन गया है। जेन-जी डाकघर भारतीय डाक विभाग की नई पहल है। जिसके माध्यम से डाकघरों को आधुनिक तकनीक और युवाओं की जरूरतों के मुताबिक अपडेट किया गया है। इस डाकघर को पूरी तरह से युवा केंद्रित बनाया जा रहा है। जिसमें क्यूआर कोड से पार्सल बुकिंग, आधुनिक इंटीरियर और छात्र अनुकूल छूट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
डाक अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि कल मुख्य पोस्टमास्टर जनरल उत्तराखंड परिमंडल शशि शालिनी कुजूर व जीबीपीआईईटी घुड़दौड़ी के निदेशक प्रोफेसर डॉ. वीके बंगा इस डाकघर का शुभारंभ करेंगे। जेन- जी डाकघर को विद्यार्थियों की ओर से विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से समर्पित किया जा रहा है। इस डाकघर में विद्यार्थियों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं के साथ ही माई स्टांप काउंटर, आधार, पार्सल बुकिंग-पैकेजिंग आदि सुविधाएं मिलेंगी। बताया कि साप्ताहिक व पाक्षिक आधार शिविर का आयोजन, बचत खाते विशेष रूप से पीपीएफ, आईपीपीबी सुविधाएं भी मुहैया की जाएंगी।