श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में संविदा के आधार पर नौ विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अनुमोदन दे दिया है। विभिन्न संकायों में इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से मेडिकल कॉलेज में जहां शैक्षणिक गतिविधियों में व्यापक सुधार होगा, वहीं एमबीबीएस छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण भी मिल सकेगा।
हाल ही में हुए वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में नौ विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही अन्य फैकल्टी सदस्यों का चयन किया गया है। इसमें डॉ. कुलदीप सिंह लालर को कार्डियोलॉजी विभाग, डॉ. देवेन्द्र कुमार को न्यूरोसर्जरी तथा डॉ. इंदिरा यादव को रेडियोथैरेपी विभाग में प्रोफेसर पद पर नियुक्ति की गई है। इसी प्रकार डॉ. सौरभ सचर को रेडियोडाग्नोसिस, डॉ. विक्की बख्शी को रेस्पिरेट्रीय मेडिसिन तथा डॉ. शीबा राणा को ईएनटी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद जबकि डॉ. निधि बहुगुणा को ऑब्स एंड गयानी, डॉ. सूफिया खान को नेत्र तथा डॉ. छत्रापाल को इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति दी गई है। इन सभी चयनित विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति आगामी तीन वर्ष अथवा उक्त पदों पर नियमित नियुक्ति होने तक जो भी पहले हो के लिए की गई है। चयनित विशेषज्ञ डॉक्टर जल्द ही ज्वॉइन करेंगे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहना है कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति से शिक्षण व प्रशिक्षण गतिविधियों में और सुधार होगा।