मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह ने ली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। मेरी माटी मेरा देश अभियान को सफल बनाने के लिए कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों को बैठक ली। इस दौरान ग्राम पंचायत स्तर से स्थानीय वीरों के आंगन की मिट्टी को निर्धारित समय पर दिल्ली के कर्तव्य पथ की अमृत वाटिका पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
मंत्री डाॅ. रावत ने बताया कि इस अभियान के तहत स्थानीय वीरों के आवासों पर उनके नाम की प्लेट लगाई जाएंगी। पौधारोपण के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व शहीदों के परिवारों को वीरों का वंदन कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। शहर के मुख्य चौराहों पर रंगोली व पेंटिंग करवाने, पूर्ति विभाग को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर सेल्फी प्वाइंट व बैनर तैयार करने, पुलिस लाइन में विशेष मार्च व वीरों का सम्मान होगा। बैठक में डीसीबी के अध्यक्ष नरेंद्र रावत, नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, एडीएम ईला गिरी, एसडीएम मुक्त मिश्रा, डीडीओ मनविंदर कौर, सीओ एसडी नौटियाल, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी पीके कोटनाला, युवा कल्याण अधिकारी नरेश रावत, जिलाध्यक्ष बीजेपी सुषमा रावत आदि मौजूद रहे थे। संवाद