जम्मू। श्रावण माह शुरू हो चुका है। लेकिन शिवालय सूने पड़े हैं। मंदिरों में न जयघोष गूंज रहे न ही परिसर में गहमागहमी है। कोरोना के चलते लोगों ने सावन के पहले सोमवार पर घर में ही पूजा-अर्चना की।
विज्ञापन
मंदिरों के शहर जम्मू में ऐसा पहली बार देखने को मिला कि सावन माह के पहले सोमवार को मंदिरों में शिव भक्त नहीं थे। इस बार लोगों ने व्रत रखकर घरों में ही भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। हालांकि मंदिरों में पारंपरिक रुप से पूजा अर्चना हुई, जिसमें आम लोग शामिल नहीं हो पाए। शहर में प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शुमार जामवंत गुफा पिरखो, रणवीरेश्वर मंदिर परिसर में इस बार चहल पहल नहीं दिखी। पूजा-अर्चना में मंदिर कमेटी के सदस्य ही मौजूद रहे। हालांकि शिव भक्तों के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पूजा-अर्चना का लाइव प्रसारण किया गया।