श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर के चौरास क्षेत्र में अलकनंदा नदी तट पर स्थित प्राचीन शिवमंदिर किलकिलेश्वर महादेव में 17 फरवरी से शिव महापुराण का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों के 26 गांवों को शिवमहापुराण के आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं में सहयोग करने की जिम्मेदारी सौँपी गई है। मंदिर समिति के अध्यक्ष वासुदेव प्रसाद भट्ट एवं सचिव हरेंद्र सिंह मंद्रवाल ने बताया कि आयोजन को लेकर समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें निर्णय लिया गया कि 16 फरवरी को मंदिर में पूजा मंडप निर्माण कर 17 फरवरी को क्षेत्र की महिलाओं एवं महिला मंगलदलों जल कलश यात्रा निकालेंगी। इस दौरान गणेश आदि पंचांग पूजन एवं पारायण कथा वाचन होगा। 18 से 26 फरवरी तक कथा एवं गणेश आदि पंचांग पूजन के साथ ही 27 फरवरी को अंतिम दिन यज्ञ पूर्णाहुति, गायदान एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के महंत 108 सुखदेव पुरी महाराज ने बताया कि महापुराण में क्रमवार प्रत्येक दिन क्षेत्र के गोरसाली, मैणों, थापली, नैथाणा, नौर, पठवाड़ा, बड़कोट, सांक्रों, भैसवाड़ा, मंजाकोट, मढ़ी, मंगसू, धारी, रानीहाट, सुपाणा, गंडासू, सेंद्री आदि ग्राम पंचायतों के लोगों को पूजा में शामिल किया गया है। संवाद