एनटीए व शिक्षा मंत्री का पुतला जलाया
श्रीनगर। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की ओर से शुक्रवार को गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर के मुख्य द्वार पर नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान छात्रों ने नारेबाजी करते हुए एनटीए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला जलाया।
प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आना शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है। छात्रों ने कहा कि पारदर्शिता और सुधार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं जिससे युवाओं का भरोसा टूट रहा है। कहा वर्षों तक कठिन मेहनत और तैयारी करने वाले ईमानदार छात्रों का भविष्य ऐसी घटनाओं से प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने आरोप लगाया कि सरकार और संबंधित एजेंसियां व्यवस्था में सुधार की बातें तो करती हैं लेकिन जमीनी स्तर पर छात्रों का भविष्य सुरक्षित नजर नहीं आ रहा है। एसएफआई इकाई सचिव अंजलि ने कहा कि हर साल पेपर लीक जैसी घटनाएं हो रही हैं जिससे छात्रों में भारी आक्रोश है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए जाने व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में निर्देशा, अंकुर, योगेश, विशाल, अक्षय, दर्शिका, गौरव, सवी और कीर्तिका आदि मौजूद रहे।