पौड़ी। सरकारी स्कूल बंद और विलय किए जाने के विरोध में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने शुक्रवार को मुख्यालय में स्कूल बचाओ अभियान के तहत रैली निकाली। स्कूल बचाओ- भविष्य बचाओ और स्कूल बंदी पर रोक लगाओ स्लोगन लिखी तख्तियों के माध्यम युवाओं ने सिस्टम के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदेश अध्यक्ष नितिन मलेठा की अगुवाई में एजेंसी चौक से शुरू हुई रैली मॉल रोड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। जहां उन्होंने सरकारी स्कूलों को बचाने और सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। कहा कि सरकारी स्कूलों को बंद करना शिक्षा व्यवस्था की समस्या का समाधान नहीं है। सरकार को स्कूल बंद करने के बजाय विद्यालयों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना चाहिए। उन्होंने जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत, पर्याप्त कक्षा-कक्ष, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, शौचालय, पेयजल आदि की सुविधाएं जल्द पूरी करने की मांग उठाई। इस मौके पर आयुष, वंशिका, अभिषेक, सावन, दिव्यांशी आदि मौजूद रहे।