पौड़ी। जनपद के विभिन्न अस्पतालों से अनुपस्थित चल रहे चिकित्सकों को आखिरकार बर्खास्त कर दिया गया है। ये चिकित्सक पिछले पांच सालों से अनुपस्थित चल रहे थे। शासन के आदेशों के बाद चार चिकित्सकों को बर्खास्त किया गया। इनमें से एक उप जिला अस्पताल श्रीनगर, एक सामुदायिक व दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात थे।स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर के पब्लिक हेल्थ अफसर अंकित गैरोला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल के बिनियामि अंसारी, पीएचसी चाकीसैंण सुमित कन्नौजिया व पीएचसी पोखड़ा में तैनात संजय सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है। ये चिकित्सक पिछले करीब पांच सालों से अपने अस्पतालों से लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। स्वास्थ्य विभाग ने समय समय पर नियमानुसार इन्हें नोटिस भी जारी किए। बावजूद इसके इन चिकित्सकों ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। बताया कि ये सभी चिकित्सक संबंधित अस्पतालों में पांच-पांच साल से भी अधिक समय तक सेवाएं पूरी कर चुके थे। लगातार अनुपस्थित रहने के चलते विभाग की ओर से रिपोर्ट डीजी हेल्थ को भेजी गई। हालांकि इनकी उपस्थिति में उक्त अस्पतालों में अन्य चिकित्सकों को तैनात किया गया था। सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि पिछले पांच साल से ये सभी चिकित्सक अनुपस्थित चल रहे थे। नियमानुसार इनको नोटिस भी जारी किए गए। जिसके बाद शासन स्तर से बीते 8 जनवरी को इनके बर्खास्त करने के आदेश जारी किए गए।