पौड़ी। उत्तराखंउ गो सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अंथवाल ने 15 दिनाें के भीतर जिले में गो सदनों के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोवंश संरक्षण व गो सदनों की व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक कर ग्राम्य गो सेवकों और गो सदनों को दिए जा रहे अनुदान और भुगतान की स्थिति का जायजा लिया।
विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक लेते हुए अंथवाल ने गोवंश के जन्म-मरण की रिकॉर्ड कीपिंग, डेयरियों का पंजीकरण और समय-समय पर उनकी जांच करने के निर्देश दिए। जिले में कुल 25 गो सदन हैं जिसमें से 21 गैर सरकारी और चार सरकारी है। इसमें कुल 2,653 निराश्रित गो वंश को रखा गया है जबकि जिले के दस ब्लॉकों में 32 ग्राम्य गोसेवक पंजीकृत हैं। पशुपालन विभाग की ओर से अब तक 2,76,076 गोवंश की ईयर टैगिंग की जा चुकी है। साथ ही 73.61 फीसदी का टीकाकरण किया जा चुका है। इस मौके पर सीडीओ अशोक जोशी, पुलिस उपाधीक्षक दिव्येश उपाध्याय, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा आदि मौजूद रहे।