पौड़ी। उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट की ओर से पेंटिंग, रेखांकन व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में सौम्या और जूनियर वर्ग में कृष्णा प्रथम रहे।
ट्रस्ट ने दिवंगत सामाजिक कार्यकर्ताओं की स्मृति में यह प्रतियोगिताएं आयोजित की। डीएवी इंटर काॅलेज में हुई प्रतियोगिताओं में विभिन्न स्कूलों के 270 बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इस मौके पर धरनीधर चंदोला स्मृति चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में सौम्या भंडारी प्रथम, आरव रावत द्वितीय व आयुष्मान बड़थ्वाल तृतीय रहे। इसी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में कृष्णा प्रथम, सौम्या नेगी द्वितीय व अनुष्का नेगी तृतीय रहीं। बी. मोहन नेगी स्मृति रेखांकन के सीनियर वर्ग में सृष्टि बड़थ्वाल प्रथम, प्रियंका नेगी द्वितीय व अनुराग खंडूड़ी तृतीय रहे। जबकि राजेंद्र रावत स्मृति निबंध प्रतियोगिता के परिणाम 17 दिसंबर को घोषित होंगे। प्रतियोगिता में त्रिलोक नेेगी, आशीष मोहन नेगी, प्रदीप रावत आदि निर्णायक रहे। इस मौके पर प्रधानाचार्य सुमंत नेगी, ट्रस्ट के अध्यक्ष बिमल नेगी आदि मौजूद रहे। संवाद
-
छात्रों ने किया घुड़दौड़ी संस्थान का भ्रमण
पौड़ी। जीआईसी सबदरखाल के छात्र-छात्राओं ने जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी का भ्रमण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया। समग्र शिक्षा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को व्यवसायिक शिक्षा आदि के बारे में तकनीकी जानकारियां दी गईं। इस मौके पर विजय इंडिया सर्विसेज प्रा.लि. के समन्वयक पंकज कोठारी ने बच्चों को आईटी शिक्षा की बारीकियां बताईं। कहा कि आईटी शिक्षा की मांग मौजूदा समय में सबसे अधिक है। इस मौके पर इंजीनियरिंग काॅलेज के निदेशक डॉ. वीएन काला, प्रधानाचार्य इंद्र सिंह नेगी, डॉ. प्रीति पुंडीर, किशन कुमार, अरविंद असवाल और रेखा बिष्ट आदि शामिल रहे। संवाद