श्रीनगर क्रिकेट चैंपियनशिप में रायल क्लब ने वेकअप क्लब को आठ विकेट से हराया। वहीं, दूसरे मैच में केपी सेकेंड क्लब पौड़ी ने पीडब्ल्यूडी की टीम को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से हरा दिया।
जीआईएंडटीआई मैदान पर श्रीनगर क्रिकेट ऐसोसिएशन की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला मुकाबला रायल क्लब और वेकअप क्लब के बीच हुआ। रायल क्लब ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। वेकअप की टीम निर्धारित 12 ओवर में 7 विकेट खोकर 68 रन बना सकी। नितेश व हैप्पी ने 24-24 रन बनाए। वेकअप की ओर से नीरज ने 2 व कपिल ने 1 विकेट लिए। रायल की टीम ने 5 ओवर में ही 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।
दूसरा मैच पीडब्ल्यूडी और केपी सेकेंड क्लब पौड़ी के मध्य हुआ। पीडब्ल्यूडी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 9 विकेट खोकर 76 रन बनाए। बालकृष्ण ने 20 व दीपक ने 23 रन बनाए। केपी की ओर से आदित्य रावत ने 3 व राजा ने 2 विकेट लिए। केपी पौड़ी की टीम ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 6.1 ओवर में बिना किसी नुकसान के लक्ष्य पार कर लिया। कन्नू ने 36 व शिम्पी ने 19 रन बनाए। नवीन उनियाल, मनीष बडोनी व मुकेश रावत ने अंपायर और रामपाल व देवेंद्र रावत ने स्कोरर की भूमिका निभाई।