खोला-सील मोटर मार्ग के निर्माण से ग्रामीण हो रहे हैं परेशान
श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर के खोला और कमांद गांव के ग्रामीण करीब एक साल से खासे परेशान हैं। सड़क निर्माण के कारण ग्रामीणों के आम रास्ते और पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त होने से उन्हें हर दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कमांद निवासी बलवीर सिंह कैंतुरा ने बताया कि खोला-सील मोटर मार्ग का निर्माण होने से उनके गांव की पेयजल आपूर्ति आए दिन बाधित हो रही है। आए दिन पाइप लाइन पर मलबा गिरने से वह क्षतिग्रस्त हो रही है। करीब 20 दिन बाद शुक्रवार को ग्रामीण युवाओं के द्वारा योजना पर आंशिक पेयजल आपूर्ति शुरू करवाई गई है।
कैंतुरा ने बताया कि योजना से आपूर्ति बाधित होने पर कमांद के ग्रामीणों को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर नीचे प्राकृतिक जलस्रोत से पानी ढोना पड़ता है। वहीं खोला गांव के बीरवल सिंह डुंगरियाल ने बताया कि सड़क निर्माण से राजकीय इंटर कॉलेज का रास्ता क्षतिग्रस्त हो चुका है। छात्रों को जंगल का लंबा फेर लगाकर स्कूल जाना पड़ रहा है। ग्रामीण राजेंद्र सिंह कैंतुरा, कमल सिंह, सुरेंद्र नेगी, विक्रम सिंह कैंतुरा लोनिवि से रास्तों का निर्माण करने और पेयजल योजनाओं की मरम्मत करवाने की मांग की है।
ईई धीरेंद्र कुमार का कहना है कि ग्रामीणों की समस्या का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अवर अभियंता और सहायक अभियंता को मौके पर भेज कर रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी। जिसके बाद पहले रास्तों का निर्माण किया जाएगा।