पौड़ी। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बीते सोमवार देरशाम कलेक्ट्रेट में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुई क्षति और राहत पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं की बहाली और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
थलीसैंण क्षेत्र को सर्वाधिक प्रभावित बताते हुए मंत्री ने वहां राहत और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी गौरी प्रभात, को ढूंगरी, रिखोली, डोबरा और बगेली में जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों को सुरक्षित अस्थायी ठिकानों पर रखने की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने ढूंगरी और बगेली में भू-गर्भीय सर्वेक्षण कराने के निर्देश भी दिए।
मंत्री ने नानघाट और श्रीनगर क्षेत्र की प्रभावित पेयजल योजनाओं को जल्द दुरुस्त करने, आपदा से क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों, पोलों और ट्रांसफार्मरों की तत्काल मरम्मत को कहा। उन्होंने निर्माणाधीन हेरिटेज भवन और शौर्य स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति भी देखी।
डीएम स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की बहाली के लिए विभागीय टीमें लगातार काम कर रही हैं। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, एडीएम एफआर चौहान, अधीक्षण अभियंता लोनिवि महिपाल सिंह रावत, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता प्रवीण सैनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला आदि मौजूद रहे।