श्रीनगर। नगर निगम क्षेत्र के कमलेश्वर मोहल्ले में इंडेन गैस की आपूर्ति सुचारू न होने पर उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी का घेराव किया। इस दौरान उपभोक्ताओं ने नारेबाजी कर गैस आपूर्ति कराए जाने की मांग की। कहा यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें उग्र आंदोलन करने को विवश होना पड़ेगा। मौके पर उपभोक्ताओं और गैस कर्मचारियों के बीच हल्की नोक-झोंक भी हुई।
पार्षद सूरज नेगी के नेतृत्व में पहुंचे उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी कार्यालय के समक्ष सांकेतिक धरना प्रदर्शन भी किया। मौके पर आक्रोशित लोगों ने कहा कि मोहल्ले में लोगों को गैस सिलिंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। कई बार एजेंसी के अधिकारियों से मोहल्ले में गैस आपूर्ति सुनिश्चित कराए जाने की मांग कर दी गई है, बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने गैस वितरण में मोहल्लों में भेदभाव बरतने का आरोप भी लगाया। पार्षद सूरज ने कहा कि यदि जल्द ही उपभोक्ताओं को राहत नहीं दी गई तो वह उपभोक्ताओं के साथ एजेंसी में अनिश्चिकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे। मौके पर गैस एजेंसी के प्रभारी मैनेजर एनके कपरवाण ने जल्द ही आपूर्ति कराए जाने का आश्वासन दिया। जिस पर उपभोक्ता शांत हुए। इस मौके पर सुनीता पुरी, सरिता देवी, निर्मला देवी, बीना देवी, सुलोचना, त्रिलोक सिंह, सुरेंद्र दत्त आदि मौजूद रहे।