पौड़ी। गढ़वाल सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी ने पीएमजीएसवाई की सड़कें केंद्रीय मानकों के अनुसार ही बनाये जाने के निर्देश दिए। कहा कि विकास के कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में सांसद खंडूड़ी ने कोट के ब्लाक प्रमुख सुनील लिंगवाल के क्षेत्र की समस्याओं को नजरअंदाज करने पर नाराजगी जताई। हालांकि बाद में सांसद ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों को समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
खंडूड़ी यहां जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक ले रहे थे। उन्होंने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों पर बनने वाली पुलिया, स्कवर आदि निर्माण कार्यों का ब्यौरा भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में विद्युत विभाग द्वारा लैंसडोन व दुगड्डा के सभी गांवों के हर घर में विद्युतीकरण के कार्य की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि दीनदयाल ग्रामीण विद्युतीकरण तथा राजीव गांधी शहरी विद्युतीकरण के तहत लो-वोल्टेज की समस्या का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। केंद्र पोषित योजना रमसा व सर्व शिक्षा अभियान की ओर से बताया कि 52 हजार बच्चों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें व गणवेश वितरित की जा रही है।
साथ ही हर ब्लाक में चयनित जूनियर हाईस्कूलों में एक-एक कंप्यूटर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की एनआरएचएम मिशन के अन्तर्गत शिशु एवं मातृ मृत्युदर को 188 से सौ करने व शिशु मृत्युदर प्रतिलाख 38 से 30 करने, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना आदि की जानकारी दी गई। बैठक में यमकेश्वर विधायक विजया बड़थ्वाल, डीएम चंद्रशेखर भट्ट, सीडीओ सोनिका समेत कई लोग मौजूद थे।