देवप्रयाग। नगरपालिका देवप्रयाग के पौड़ी जिला स्थित धनेश्वर वार्ड में पेयजल एवं गैस की समस्या बनी है। वार्ड चार धनेश्वर के सभासद विमल मिश्रा ने डीएम पौड़ी स्वाति एस भदौरिया को इस संबंध में ज्ञापन सौंपे।
उन्होंने कहा कि वार्ड चार के बाह बाजार व सौंड में पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। संबंधित विभाग टैंक की सफाई के नाम पर यहां कई दिन तक जलापूर्ति रोक देता है।वहीं रेलवे के निर्माण कार्य से यहां जलस्रोत भी सूख चुके हैं। यहां अलकनंदा नदी स्थित घाट भी बदहाल हैं जिससे लोग यहां से पानी भी नहीं ला पा रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से संबंधित विभाग को जलापूर्ति सुचारु करने के निर्देश देने का अनुरोध किया। इसके अलावा सभासद ने धनेश्वर वार्ड में दो माह से अधिक समय से गैस आपूर्ति नहीं होने की शिकायत की। संवाद