श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला, पौड़ी, टिहरी परिसर में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए सीयूईटी-यूजी की मेरिट सूची बननी शुरू हो गई है। इसके लिए विवि ने विज्ञान, कला एवं कॉमर्स में अलग-अलग प्रवेश समितियों का गठन किया है, जो जल्द ही मेरिट तैयार कर काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू करेगी।
गढ़वाल केंद्रीय विवि में 25 जुलाई से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है। सीयूईटी-यूजी के परिणाम देर में घोषित होने के कारण नए शैक्षणिक सत्र में स्नातक विज्ञान, कला एवं कॉमर्स वर्ग सहित अन्य यूजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया में भी विलंब हुआ है। छात्रों को प्रवेश के लिए और इंतजार न करना पड़े।
इसके लिए विवि प्रवेश समितियां प्रक्रिया में जुटी है। विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एमएस नेगी ने बताया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए मेरिट बननी शुरू हो गई है। 15 अगस्त के बाद छात्रों को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। जिन छात्र-छात्राओं ने निर्धारित विषय संयोजन में पेपर नहीं दिए हैं, उनके पंजीकरण भी कराए जाएंगे। जल्द प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कर नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं की कक्षाओं का संचालन करा दिया जाएगा।