पौड़ी। डाक विभाग पौड़ी ने पेंशनरों के जीवन प्रमाणपत्र बनाए जाने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। आगामी 30 नवंबर तक विभाग के 54 डाकघरों में प्रत्येक कार्य दिवस पर जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। विभाग की ओर से पेंशनरों की सुविधा के लिए पौड़ी में दो, श्रीनगर व कोटद्वार में एक-एक शिविर भी आयोजित किया जाएगा।डाक विभाग पौड़ी ने पेंशनरों की परेशानियों को देखते हुए जनपद में जीवन प्रमाणपत्र बनाए जाने के लिए एक माह का अभियान शुरू किया है। मुख्य डाकघर पौड़ी के डाक अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि पेंशन के भुगतान को जारी रखने के लिए हर साल नवंबर माह में जीवन प्रमाणपत्र जमा किया जाना जरूरी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में खासतौर पर इंटरनेट सहित अन्य सुविधाओं के अभाव में पेंशनरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर प्रमाणपत्र नहीं मिल पा रहे हैं। जिसे देखते हुए डाक विभाग पौड़ी ने जीवन प्रमाणपत्र बनाए जाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। बताया कि डाक विभाग पौड़ी की ओर से 30 नवंबर तक प्रत्येक कार्य दिवस पर समस्त 54 डाकघरों में जीवन प्रमाणपत्र बनाने का कार्य किया जाएगा। प्रमाणपत्र बनाने के लिए 70 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। कहा, अभियान को लेकर समस्त विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
श्रीनगर में 8 को होगा शिविर
डाक विभाग पौड़ी की ओर से जीवन प्रमाणपत्र बनाए जाने के लिए चार शिविर आयोजित किए जाएंगे। डाक अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि श्रीनगर में 8 नवंबर, मुख्य डाकघर पौड़ी में 16 व 25 नवंबर और कोटद्वार डाकघर में 25 नवंबर को शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने पेंशनरों से शिविर का लाभ उठाए जाने का आह्वान किया।