एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे ने पुलिस लाइन में मासिक अपराध की समीक्षा बैठक। एसएसपी ने कहा कि पुलिस जिला मुख्यालय में यातायात व्यवस्था को सुचारू के लिए जल्द ही पालिका व प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगी। कहा कि पुलिस रात्रि गश्त बढ़ाएगी। गश्त करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए चाय और अलाव की व्यवस्था की जाएगी।
शनिवार को बैठक में एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि महिला एवं बाल अपराध की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को समन्वय के साथ ठोस कार्य करना होगा। कहा नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी। श्रीनगर, कोटद्वार, लक्ष्मणझूला व पौड़ी में विशेष रूप से नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। कहा नाबालिग के वाहन चलाने पर अभिभावकों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। कहा मुख्यालय पौड़ी में पॉकेट पार्किंग चिह्नित किए जाने का कार्य किया जा रहा है। बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने पर 15, तीव्र गति से वाहन चलाने पर 53, ओवर लोडिंग करने पर 46, दुपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाने पर 195, मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 19 और 90 व्यक्तियों के विरुद्ध ड्राइविंग लाइसेंस रद्द की संस्तुति की गई है।
बताया आबकारी अधिनियम के तहत वर्ष 2022 में 102, एनडीपीएस एक्ट के तहत 33 मुकदमे पंजीकृत किए गए। एसएसपी चौबे ने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस अवसर पर एएसपी संचार अनूप काला, सीओ कोटद्वार जीएल कोहली, श्रीनगर एसडी नौटियाल, सीओ सदर पीएल टम्टा, आरआई अनुराग कुमार आदि मौजूद रहे।
समाधान के लिए तैनात किया अधिकारी
एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे ने जिले के पुलिस कार्मिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी की तैनाती की है। उन्होंने एसआई मुकेश गैरोला को वेलफेयर ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी। चौबे ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थिति के जिले में कार्मिकों को समस्याओं के समाधान को लेकर परेशानियां उठानी पड़ती है। अब वेलफेयर ऑफिसर समस्त कार्मिको की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने नया नंबर जारी कर समस्याएं व सुझाव भी आमंत्रित किए।
पुलिस अधिकारी-जवान हुए सम्मानित
एसएसपी श्वेता चौबे ने बेहतर पुलिसिंग के लिए पांच अधिकारी-पांच पुलिस जवानों को सम्मानित किया। उन्होंने एसआई अजय भट्ट, दीपक तिवारी, सूरत शर्मा, महेश रावत व दीपिका बिष्ट को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने पर कांस्टेबल अरविंद राय, उत्तम सिंह, विमला, संदीप कुमार, नवनीत सिंह को माह के कर्मचारी सम्मान से सम्मानित किया गया।