श्रीनगर। कोतवाली कीर्तिनगर क्षेत्र के अंतर्गत जीआईसी चौकी में पुलिस ने जागरूकता शिविर आयोजित किया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं, अध्यापकों और विद्यालय के अन्य कर्मचारियों को कोतवाली उप निरीक्षक सुषमा रावत तथा अपर उप निरीक्षक शशिकांत ने महिला संबंधी अपराधों, साइबर धोखाधड़ी व नशीले पदार्थों के प्रयोग व उनके क्रय-विक्रय संबंधी अपराधों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही इंटरनेट के प्रयोग व नशे के दुष्प्रभावों और इनसे बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने छात्र-छात्राओं को इंटरनेट का प्रयोग करते समय सावधानी बरतने और किसी भी प्रलोभन से दूर रहने का सुझाव दिया। साथ ही आपराधिक कानूनों के विषय से भी छात्रों व अध्यापकों को अवगत करवाया। इस मौके पर प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह राणा, अध्यापिका मीनाक्षी किमोठी, पुलिस के जवान मनमोहन सिंह, सुखवेंद्र सिंह आदि मौजूद थे। संवाद