पौड़ी। जिले में कानून व यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। अंतर राज्यीय सीमाओं, अंतर जनपदीय बैरियरों, नेशनल हाईवे, मुख्य मार्गों, टैक्सी व बस स्टैंड के साथ ही बाजार क्षेत्रों एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों पर वाहनों की चेकिंग की गई।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि जनपद में पुलिस टीमों ने सतर्कता के साथ वाहनों एवं चालकों की जांच की। चेकिंग के दौरान ट्रॉलियों, मालवाहक वाहनों और सील कंटेनरों की भौतिक जांच, वाहन चालकों के डीएल, आरसी, बीमा आदि की जांच की गई। इस दौरान बाहरी जिलों एवं राज्यों से आने वाले व्यक्तियों के आगमन उद्देश्य, यात्रा अवधि के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करते हुए उनके रिकॉर्ड व पृष्ठभूमि का सत्यापन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए संदिग्ध गतिविधियों, अवैध आवागमन एवं संभावित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण करना है।