हिंसरियाखाल क्षेत्र में चार माह बाद पहुंची थी गैस की गाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। इंडेन गैस एजेंसी की ओर से कीर्तिनगर ब्लॉक के हिंसरियाखाल क्षेत्र में चार माह बाद गैस सिलिंडर की गाड़ी भेजी गई। बड़ी संख्या में उपभोक्ता गांवों से पैदल दूरी नापकर सिलिंडर के साथ सड़कों पर पहुंचे लेकिन कई उपभोक्ताओं को केवाईसी और डीएसी नंबर न आने के कारण सिलिंडर नहीं मिल पाए। इससे उपभोक्ताओं को खाली सिलिंडर लेकर लौटना पड़ा।
दूसरी ओर बडियारगढ़ क्षेत्र के देवलगढ़ी गहड़, पयांखली, पारी पैडोली क्षेत्र में भी तीन माह बाद गैस सिलिंडर की गाड़ी पहुंची। यहां भी उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। प्रदीप गोदियाल ने बताया कि गैस की गाड़ी आने की सूचना पर लोग सुबह से ही सिलिंडर लेकर सड़कों पर खड़े रहे। देर शाम गाड़ी पहुंची लेकिन केवाईसी की दिक्कत आने से कई उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पाए। रघुवीर भंडारी ने कहा कि पूरे दिन इंतजार के बाद भी सिलिंडर नहीं मिला। बुजुर्ग लोग केवाईसी और डीएसी की प्रक्रिया को नहीं समझ पा रहे हैं। इस मामले में तहसीलदार से भी वार्ता की गई। उन्होंने क्षेत्र में केवाईसी शिविर लगाए जाने व सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध कराने की मांग की।