पौड़ी पुलिस जिले के विद्यालयों में ‘कोरोना संक्रमण से बचाव’ विषय को लेकर स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित करेगी। एसएसपी 10 सर्वोत्तम स्लोगन भेजने वाले छात्रों को पुरस्कृत भी करेंगी।
एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मास्क, सैनिटाइजर वितरण के साथ ही वॉल पेंटिंग व स्लोगनों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस जल्द ही स्कूली छात्रों की एक स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित करने जा रही है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। कहा कि स्लोगन प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकते हैं। बताया कि कोटद्वार, पौड़ी व श्रीनगर में एनसीसी कैडेट के साथ जागरूकता रैली भी निकाली जाएगी।