गुलदार के हमले से गुस्साए लाेगों का धरना
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी में बीते बुधवार को वन विभाग के डीएफओ महातिम यादव के साथ धक्का मुक्की और मारपीट के आरोप में विभाग ने कांग्रेस के स्थानीय नेता विनाेद दनोसी समेत अन्य लोगाें पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार तीन नंवबर को खांड्यूसैंण कस्बे में चार साल की मासूम पर हमला कर उसे मार डाला था। आक्रोशित लोगों के साथ ही कांग्रेसियाें ने बीते बुधवार को पौड़ी- देवप्रयाग राज्य राजमार्ग को जाम कर धरना प्रदर्शन किया था। मामले में डीएफओ और विभागीय टीम मौके पर पहुंची थी। डीएफओ ने आरोप लगाया कि विनोद दनोसी व अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की जबकि एसडीओ आयशा बिष्ट को एक दुकान में बंद कर बंधक बनाया।
गुलदार के हमले से गुस्साए लाेगों ने डीएफओ को घेरा, एसडीओ को बंधक बनाया
जिला मुख्यालय से सटे खांड्यूसैंण में गुलदार के हमले में मासूम की मौत के बाद लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार शाम की घटना को लेकर बुधवार को भी लोगों ने आक्रोश जताया। उन्हाेंने डीएफओ का घेराव कर क्षेत्र को गुलदारों से मुक्त करने की मांग उठाई। आक्रोशित लोगों ने पौड़ी- देवप्रयाग राज्य राजमार्ग पर धरना देकर प्रदर्शन किया जिससे एसएच पर दोपहर तक वाहनों की कतारें लगी रहीं।
बीते मंगलवार शाम करीब 6 बजे खांड्यूंसैंण कस्बे में घर के समीप खेल रही आरुषि (4) पर हमला कर उसे मार डाला था। बुधवार को डीएफओ महातिम यादव समेत जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचा तो उन्हें भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। गुस्साए लोगों ने वन विभाग की एसडीओ को एक दुकान में बंद कर दिया। हालांकि करीब आधे घंटे बाद ही प्रदर्शनकारियों में से ही कुछ लोगों ने दुकान का शटर खोला दिया। वहीं डीएफओ ने बताया कि क्षेत्र में तीन शूटर तैनात कर दिए गए हैं। साथ ही पिंजरे लगाए जा रहे हैं।