श्रीनगर। उप जिला अस्पताल श्रीनगर में एक्सरे सेवाएं एक ही टेक्निशियन के भरोसे हैं। इसके कारण यहां पर एक्सरे की इमरजेंसी सेवाएं मरीजों को नहीं मिल पा रही हैं। एक ही टेक्निशियन पर इसकी जिम्मेदारी होने व उनके अवकाश पर चले जाने से कई बार सेवाएं बंद हो जाती हैं। इससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उप जिला अस्पताल श्रीनगर में एक्सरे टेक्निशियन के दो पद हैं। इनमें से कई वर्षों से एक ही पद पर टेक्निशियन तैनात है। इसके कारण ओपीडी समय तक ही मरीजों को इसका लाभ मिल पा रहा है। अस्पताल पर नगर क्षेत्र सहित पौड़ी, टिहरी एवं आसपास के क्षेत्रों के लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्भर हैं। ऐसे में अस्पताल में एक ही एक्सरे टेक्निशियन होने से ओपीडी के बाद मरीजों को हायर सेंटर के लिए रेफर करना पड़ता है।
अस्पताल में नियुक्त टेक्निशियन जब छुट्टी पर होते हैं तो मरीजों को बाहर से महंगे दामों पर एक्सरे कराने के लिए विवश होना पड़ता है। अस्पताल के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रचित गर्ग का कहना है कि अस्पताल में दो टेक्निशियन के पद हैं, एक पद रिक्त चल रहा है। इस पद को भरने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।