पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की सभी सड़कों को 15 अक्तूबर तक गड्डा मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिला प्रशासन पौड़ी भी इस पर गंभीरता दिखा रहा है। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सड़क निर्माण से जुड़े विभागों के कार्य की प्रगति की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को चार दिन के भीतर युद्ध स्तर पर कार्य करने को कहा। साथ ही जनपद की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि बरसात के बाद जनपद क्षेत्र के अंतर्गत लोनिवि की सभी सात डिवीजन में 23 मोटर मार्गों के 273.50 किमी सड़कों को गड्डा मुक्त करने के लिए पैचवर्क किए जाने हैं। जिसमें से अभी तक 45 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष कार्यों को 4 से 5 दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। कहा कि ठेकेदारों की हड़ताल के कारण पेचवर्क के कार्यों में देरी हुई है। जिसकी भरपाई युद्ध स्तर पर कार्य करके 4 से 5 दिन के भीतर कर ली जाएगी।